प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड : मुख्यमंत्री धामी।
देहरादून:- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आजाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनादेश प्राप्त कर सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने ज्ञान, विज्ञान, शिक्षा, चिकित्सा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
शनिवार को मसूरी रोड स्थित एक होटल में आयोजित **‘दैनिक जागरण’ संवादी कार्यक्रम** को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद वे 28 बार देवभूमि उत्तराखण्ड का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए माणा गांव से यह संदेश दिया था कि देश के सीमावर्ती गांव अंतिम नहीं बल्कि प्रथम गांव हैं। उनके नेतृत्व में सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के समग्र विकास के लिए कई नई पहल की हैं। प्रदेश में 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं **‘लखपति दीदी’** बन चुकी हैं, जबकि माणा गांव की सभी महिलाएं इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में **शीतकालीन यात्रा** की शुरुआत की गई है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों और जी-20 जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन किया गया है। साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। तीर्थाटन और पर्यटन के विस्तार से प्रदेश के लोगों की आय में भी वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, लेकिन सरकार ने विभिन्न आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं पुनर्वास कार्यों के माध्यम से जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने का प्रयास किया है। राज्य के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास कार्यों को वैश्विक स्तर पर भी सराहना मिली है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
