arunabh raturi.janswar.com

  • बालिकाओं में हीमोग्लोबिन की जांच के लिए डीएम की पहल पर विद्यालयों में लगाए गए शिविर।
  • हीमोग्लोबिन जांच में अब तक 27 छात्राएं मिली एनीमिया ग्रसित।

चमोली:- जिला प्रशासन की ओर से बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर नई पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी के निर्देश पर एनीमिया की पहचान के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूली स्तर पर शिविर लगाकर छात्राओं की हीमोग्लोबिन जांच की जा रही है। अब तक गोपेश्वर के तीन स्कूलों में की गई जांच में 27 बालिकाओं में खून की कमी मिली है। जिनकों आवश्यक दवा के साथ उपचार की सुविधा दी जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर, राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़ में विगत 09 से 17 दिसम्बर 2024 तक रक्त जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में 240 छात्राओं के रक्त की जांच की गई। जिनमें से 27 छात्राओं में हीमोग्लोबिन की मात्रा न्यूनतम स्तर 8 से भी कम पाई गई है।

जिलाधिकारी ने कम उम्र की बालिकाओं में मिल रही खून की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को समन्वय स्थापित कर हिमोग्लोबिन की कमी वाली छात्राओं को आवश्यक दवा और न्यूट्रिशन किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जनपद के सभी विकास खंडों में बालिकाओं की हीमोग्लोबिन जांच शिविर आयोजित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन बालिकाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर 8 या इससे कम है, उन छात्राओं को दवा के साथ आवश्यक उपचार, पोषण सामग्री देकर उनको स्वस्थ बनाया जाए।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!