ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित किया जा रहा है जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम मे 27 शिकायतें दर्ज ।

रुद्रप्रयाग 04 मार्च 2024:- जनपद वासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें दर्ज की गई। जिसमें 11 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया जबकि शेष शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कांडा लक्ष्मण सिंह ने गांव के अंतर्गत नौली नामम तोक में क्षतिग्रस्त पेयजल की मरम्मत करने की मांग की। थलासू गांव के मदन लाल ने अवगत कराया कि उनका मकान क्षतिग्रस्त है। जिसके लिए उन्होंने मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। वार्ड नं. 07 के निवासियों द्वारा सड़क से पूरण सिंह के आवास तक क्षतिग्रस्त रास्ते में गंदे पानी के चैंबर की मरम्मत करने के संबंध में प्रार्थना-पत्र दिया। कोलू निवासी बलवीर सिंह राणा ने गौशाला व शौचालय दिलाए जाने की मांग की। जयकंडी की बसंती देवी ने अवगत कराया कि उनका आवास पूर्णतः कच्चा है जिसमें बरसात के दिनों में पानी अंदर घुस जाता है जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास दिलाए जाने की मांग की। मक्कूमठ निवासी रेवाधर प्रसाद ने जल जीवन मिशन योजना के तहत गुणवत्ता के साथ कार्य नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज की। जवाड़ी निवासी नरेश कप्रवाण ने माई की मंडी-जवाड़ी तक मोटर मार्ग से उनके खतों को भारी नुकसान होने से सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की। धरियांज गांव के सुफल सिंह ने लोनिवि द्वारा सड़क निर्माण से प्रभावितों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना-पत्र दिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लेते हुए उनका निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं उनका समयबद्धता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें एवं जिन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है उन पर भी तत्परता से निरीक्षण कर जो भी कार्यवाही की जानी हैं उन पर तत्परता से कार्यवाही की जाए। साथ ही जिन शिकायतों पर कार्यवाही की जा रही है उनकी सूचना संबंधित शिकायतकर्ता एवं जिला कार्यालय को इसकी सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जन समर्पण पोर्टल का भी प्रस्तुतिकरण भी किया गया जिसमें तहसील दिवसों एवं जनता मिलन एवं अन्य पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण एवं की गई कार्यवाही के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराई गई।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एल-1 एवं एल-2 के स्तर पर जो भी शिकायतें लंबित हैं उनका निस्तारण तत्परता से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में एल-1 पर 176 तथा एल-2 पर 44 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण भी शीघ्रता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई न बरती जाए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए विमल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!