ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

  • 78वें स्वतंत्रा दिवस की प्रदेश एवं जनपद वासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी
  • सभी अधिकारियों एवं कर्मचारी राज्य एवं जनपद की उन्नति एवं प्रगति के लिए आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें
  • जनपद में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस

रुद्रप्रयाग:- आजादी के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डाॅ. सौरभ गहरवार ने जिला कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद एवं प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है कि भारत को आजाद हुए 77 साल पूर्ण हुए हैं तथा आजादी महोत्सव कार्यक्रम के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सभी लोगों ने राष्ट्रीय पर्व में बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
जिलाधिकारी ने आजादी के 77 वर्ष पूर्ण होने पर उन स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों को भी श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सैनानियों के त्याग एवं बलिदान से ही आज हम आजादी का 78वां वर्ष मना रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोगों को संविधान में उल्लिखित प्रस्तावना के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश एवं जनपद के प्रगति एवं उन्नति के लिए कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करें तथा जो भी विकास योजनाएं संचालित हो रही हैं उन योजनाओं में धरातल पर कार्य करते हुए विकास का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें यही आजादी के आंदोलन में शहीद हुए स्वतंत्रता सैनानियों के रणबांकुरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि कई अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा मिलेगी जिससे कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही विकास परक योजनाओं को बल मिलेगा तथा इसका लाभ आम जनमानस को अवश्य उपलब्ध होगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान एवं देशभक्ति गीत का गायन किया गया जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी, प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय डीएस रौतेला, वैयक्तिक अधिकारी ओमप्रकाश बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती ने विकास भवन परिसर में ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज हम आजादी के 78वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं तथा आजादी में जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है तथा उनके द्वारा जो एक विकसित एवं स्वर्णिम भारत के लिए जो सपना देखा है उन सपनों को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता एवं निष्ठा से करना होगा, यही उन सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यालध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जनपद के शिक्षण संस्थानों में प्रातः प्रभात फेरी निकाली गई। इसके साथ ही जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में जनपद वासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराया गया।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!