दो दिवसीय विधानसभा भ्रमण के पहले दिन ग्रामीणों से किया जनसंवाद, महिला मंगल दलों को वितरित की संस्कृति सामग्री।

पौड़ी:- कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने दो दिवसीय विधानसभा भ्रमण के पहले दिन ग्राम कनकोट में 1.1787 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम नौगांव पज्याणा और कनकोट में ग्रामीणों से जनसंपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव प्राप्त किए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। गांव-गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र विकास की दृष्टि से काफी पीछे था, लेकिन अब विभिन्न गांवों में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। इसमें क्षेत्र की जनता का सहयोग और विश्वास महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने बताया कि ग्राम कनकोट में खण्डगांव से सौलसैण तक दो किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण 99.87 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त खण्डगांव के पैदल मार्ग और ग्राम कनकोट में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। वहीं, कनकोट और धौलाण गांव के मध्य स्थित पंचायत भवन की सुरक्षा के लिए सात लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। इन सभी निर्माण कार्यों पर कुल 117.87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

भ्रमण के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों को कंडारस्यूं पंपिंग योजना, पैठाणी स्थित राहु मंदिर की कलश यात्रा और बूंखाल कालिका माता मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में क्षेत्रवासियों की सहभागिता से स्थानीय परंपराओं को मजबूती मिलती है।

ग्राम नौगांव पज्याणा और कनकोट में जनसंवाद के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने ग्राम कोटी, बगेली और सलोन के महिला मंगल दलों को संस्कृति सामग्री भी वितरित की।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के अध्यक्ष पंकज रावत, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत सहित विजय रौथाण, कमल कंडवाल, मनवर सिंह रावत, वीरेंद्र रावत, गणेश राठी, राम सिंह रावत, आनंद नेगी, कमल नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!