संविधान दिवस पर लोक भवन में राज्यपाल ने पढ़ी संविधान की उद्देशिका, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ
देहरादून:-संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लोक भवन देहरादून में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने संविधान की उद्देशिका का पाठन किया। इस दौरान उन्होंने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं आचरण में आत्मसात करने की शपथ दिलाई।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और गरिमा की रक्षा का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी चिंतन, अथक प्रयासों और समर्पण से देश को ऐसा संविधान मिला, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे महान आदर्शों पर आधारित है।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ संवैधानिक मूल कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी श्री धनंजय चतुर्वेदी, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
