मंडुवा और स्थानीय मिलेट्स से बनाए कुकीज, केक व लड्डू; प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई।

नरेंद्र नगर:- ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम अटाली, ब्यासी में आयोजित 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम (MSDP) का सफल समापन हुआ। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद द्वारा संचालित और रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) द्वारा समर्थित प्रोजेक्ट प्रगति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता और बाजार से जोड़कर उनकी आय के नए स्रोत विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्थानीय मिलेट्स यानी मोटे अनाज से विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

14 दिवसीय प्रशिक्षण में छह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण (EDP) और आठ दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण शामिल रहा। इस दौरान महिलाओं को मंडुवा एवं अन्य स्थानीय मिलेट्स से कुकीज, नमकीन, केक और लड्डू सहित विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करना सिखाया गया।

इसके साथ ही महिलाओं को व्यवसायिक अवसरों की पहचान, लागत एवं मूल्य निर्धारण, उत्पादों की पैकेजिंग, बिक्री संवर्धन, सोशल मीडिया मार्केटिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

समापन समारोह में अटाली के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश सिंह और ब्यासी RVNL के अधिकारी पुलकित अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अतिथियों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए मिलेट्स आधारित उत्पादों का अवलोकन किया और उनकी गुणवत्ता, स्वाद एवं प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को समूह बनाकर उद्यम स्थापित करने तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के परियोजना अधिकारी दिलीप सिंह कुशवाह ने प्रोजेक्ट प्रगति के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल, उद्यमिता और बाजार से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं ने उत्पाद निर्माण के साथ-साथ व्यवसाय संचालन और विपणन से जुड़े महत्वपूर्ण व्यावहारिक कौशल भी हासिल किए हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा करते हुए मिलेट्स आधारित उत्पादों का उत्पादन एवं विपणन शुरू करने और सामूहिक रूप से उद्यम स्थापित कर अपनी आय बढ़ाने की इच्छा जताई।

प्रोजेक्ट प्रगति के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक अनाजों के उपयोग से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अटाली में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!