मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं प्रदेशवासियों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश।

देहरादून:-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। इस गीत को निर्मल अनुरागी एवं अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!