खेल मैदान देश की विविधता को एक सूत्र में पिरोता है, खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के मिलें बेहतर अवसर : मुख्यमंत्री।

गाजियाबाद:-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना लघु भारत का दर्शन कराता है। खेल का मैदान भाषा, वेशभूषा और क्षेत्रीय विविधताओं से ऊपर उठकर सभी को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि देश की विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को समझने का भी मौका मिलता है।

मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय एवं वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए संस्था के प्रयास सराहनीय हैं। उत्तराखंड में भी विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’, अर्थात स्वस्थ शरीर ही जीवन के कर्तव्यों और लक्ष्यों की पूर्ति का आधार है।

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समारोह में शामिल खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहल संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों से युवाओं में खेल एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और सामान्य परिवारों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलें, ताकि प्रदेश के युवा खेलों में अपना भविष्य संवार सकें।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर श्री महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!