ऋषिकेश में जनसमस्याओं को लेकर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने की बैठक, निराश्रित पशुओं और बंदरों की समस्या पर दिए निर्देश।
ऋषिकेश:- विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज मौजूद रहे।
डॉ. अग्रवाल ने शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर निराश्रित पशुओं के विचरण से आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों पर चिंता जताई। उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के गंगा विहार सहित विभिन्न इलाकों में बंदरों के बढ़ते आतंक पर भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान के लिए रायवाला में जल्द ही गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने से शहर में सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने एमडीडीए के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज से आवासीय क्षेत्रों में चिन्हीकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विषय पर स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्य करने और नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान करने की अपेक्षा की।
