- विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, 178 लैब जांच, 93 एक्स-रे और 53 अल्ट्रासाउंड किए गए।
- ऋषिकेश उप जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर का तीसरा दिन सफल, 795 मरीजों ने उठाया लाभ।
ऋषिकेश:- उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में आयोजित तीसरे दिन भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। क्षेत्र के लोगों ने शिविर का लाभ उठाया तथा विभिन्न विशेषज्ञों से परामर्श एवं आवश्यक जांच कराई।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर के तीसरे दिन कुल 795 लाभार्थियों (367 पुरुष एवं 428 महिलाएं) ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कीं।
शिविर के दौरान 142 व्यक्तियों की उच्च रक्तचाप के साथ-साथ मधुमेह की जांच भी की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 74 गर्भवती महिलाओं की ए0एन0सी0 की जांच की गई। साथ ही 19 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में तथा 45 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल के विषय में परामर्श प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 213 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में 213 लाभार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया गया।
प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन, एल0एफ0टी0, के0एफ0टी0 एवं लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 178 व्यक्तियों की जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 93 एक्स-रे एवं 53 अल्ट्रासाउंड जांचें भी संपन्न कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं प्रदान करने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से क्षेत्र की जनता को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
