ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

राज्यपाल ने वसंतोत्सव के अवसर पर राजभवन में लगी आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

राजभवन देहरादून 02 मार्च 2024:- राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को वसंतोत्सव के अवसर पर राजभवन में लगी आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वसंतोत्सव के अवसर पर इस तीन दिवसीय आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी में चित्रकारों ने ग्रामीण एवं शहरी परिवेश, लोक परंपराओं, आध्यात्मिकता सहित उत्तराखंड की जीवंत संस्कृति का समृद्ध चित्रण करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार चित्रण किया। इसके अलावा फोटोग्राफर्स द्वारा प्राकृतिक चित्रों सहित जीव-जंतुओं और विभिन्न प्रकार के सुन्दर फोटोग्राफ्स लगाए गए थे। राज्यपाल ने सभी चित्रकारों तथा फोटोग्राफरों से बातचीत की तथा उनकी बेहतरीन फोटो व पेंटिंग्स के लिए उनकी सराहना की और व्यक्तिगत रूप से कई चित्रकारों की पेंटिंग्स खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया।

राज्यपाल ने इसके बाद फूड कोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने आईएचएम द्वारा मिलेट के विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के बारे में जानकारी ली और कहा कि मिलेट उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने के लिए इस प्रकार की पहल सराहनीय है। आईएचएम द्वारा मोटे अनाज से कई प्रकार के व्यंजन बनाए गए हैं जिन्हें लोगों द्वारा खूब पसंद किया गया। इसके अलावा फूड कोर्ट में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां पर लोगों की खूब भीड़ रही।

इस दौरान राज्यपाल ने वसंतोत्सव में लगे औद्यानिक गतिविधियों से जुड़े गैर सरकारी संस्थाओं/स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भ्रमण भी किया और जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन स्टालों में खरीदारी भी की और विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हमारे उत्तराखंड के युवाओं और महिलाओं में स्किल, टेलेंट व पैशन है वह सबसे अलग है। उन्होंने कहा कि जो पेंटिंग व कला को प्रदर्शित किया गया है वह बेहतरीन है। उन्होंने कहा कि जो स्टॉल लगाए गए हैं उनमें महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद उनके परिश्रम का कमाल हैं। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव में अधिक लोग भागीदारी करें।

राजभवन में वसंतोत्सव के दूसरे दिन आज लोगों की भारी भीड़ लगी रही। खराब मौसम के बावजूद वसंतोत्सव में लोगों में खासा उत्साह दिखा। लोगों ने पुष्प प्रदर्शनी के अवलोकन करने के साथ ही विभिन्न स्टॉलों में लगे उत्पादों की जमकर खरीदारी की। वसंतोत्सव के दौरान आज के बाद उत्तराखण्ड औद्यानिक परिसर द्वारा कोरोमंडल फर्टिलाइजर प्रा0 लि0/मुरुगप्पा ग्रुप के उप महाप्रबंधक श्री राजशेखर जी बाडीगर द्वारा ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर के संबंध में विस्तृत जानकारियां किसानों तथा विभागीय अधिकारियों एवं फील्ड कार्मिकों को उपलब्ध करायी गयी। वहीं पुष्प उत्पादकों व पुष्प क्रेताओं के मध्य सीधे सामंजस्य स्थापित करने हेतु उत्तराखण्ड औद्यानिक बोर्ड द्वारा क्रेता-विक्रेता सभा का आयोजन भी इस दौरान किया गया।

अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, सचिव विनोद कुमार सुमन सहित उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!