ARUNABH RATURI.

कामकाजी महिलाओं के छह माह से छह साल तक के बच्चों की होगी देखभाल।

कोटद्वार:- बाल विकास परियोजना दुगड्डा के अंतर्गत लोकमणिपुर क्षेत्र में आंगनबाड़ी सह पालना (क्रेच) केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर बच्चों और अतिथिगणों को मोटे अनाज से तैयार पौष्टिक व्यंजन परोसे गए।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम कोटद्वार के निवर्तमान पार्षद जगदीश मेहरा, पूर्व प्रधान सुषमा देवी, समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल और बाल विकास परियोजना अधिकारी जयहरीखाल डॉ महबूब खान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। तत्पश्चात रिबन काटकर पालना केंद्र की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर बताया गया कि केंद्र और राज्य सरकार कामकाजी महिलाओं के छह माह से छह साल उम्र तक के बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच योजना चला रही हैं। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पालना केंद्र खोले जा रहे हैं।
कार्यक्रम में 03 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया। साथ ही केंद्र में पंजीकृत 03 से 06 वर्ष के बच्चों का अन्नपोषण करते हुए झंगोरे की खीर खिलाई गई। वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मोटे अनाज के व्यंजन परोसे गए।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी दुगड्डा शिवाली द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास विभाग सुपरवाइजर संतोषी गुसांई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और किशोरियों ने प्रतिभाग किया।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!