तिमली के भतकोट गांव में दर्दनाक घटना, ग्रामीणों में दहशत,वन विभाग पर लापरवाही के आरोप।

पौड़ी:- पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा तिमली के तोक ग्राम भतकोट से सामने आया है, जहां एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्राम भतकोट निवासी हरेंद्र की 4 वर्षीय मासूम पुत्री दृष्टि घर के आंगन में खाना खाने के बाद खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर बच्ची को अपने जबड़ों में दबोच लिया और आंगन से नीचे खेतों की ओर खींच ले गया।

परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बच्ची की तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद मासूम दृष्टि का शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बरामद हुआ।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में बनी हुई है।

लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं और भी बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!