पूर्व मेयर अनिता ममगाईं ने एम्स पहुंचकर घायलों का जाना हालचाल, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने से टोकने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ग्रामीणों पर तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सड़क किनारे शराब पी रहे कुछ युवकों को ऐसा करने से रोका, जिससे नाराज होकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक के हाथ में तथा दूसरे युवक की जांघ में गोली लगी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं एम्स ऋषिकेश पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से वार्ता कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
श्रीमती ममगाईं ने पुलिस प्रशासन से भी वार्ता कर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
