देवराना गांव में बाघ (गुलदार) का हमला, महिला घायल; ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान।
पौड़ी/यमकेश्वर:- यमकेश्वर प्रखंड के ग्राम देवराना में सोमवार दोपहर एक बार फिर गुलदार के हमले से दहशत फैल गई। घर के समीप बकरियां चरा रही श्रीमती प्रमिला पत्नी मनोज कुमार ग्वाड़ी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलदार ने बकरियों को छोड़ सीधे महिला पर झपट्टा मार दिया और उनके पैर पर गंभीर हमला कर मांस नोच लिया।
महिला और आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर काफी मशक्कत के बाद गुलदार जंगल की ओर भागा, जिससे महिला की जान बच सकी। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में गुलदार गांव की तीन बकरियों, एक गाय और एक बैल को अपना शिकार बना चुका है। वहीं पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र से दिनदहाड़े एक बकरी को गुलदार ने मार डाला था। इससे पहले भी गांव की एक महिला पर गुलदार हमला कर चुका है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि घटनाओं की जानकारी वन विभाग को कई बार दी गई। विभाग की टीम ने गांव में ट्रेस कैमरे तो लगाए, लेकिन अब तक पिंजरा नहीं लगाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है। सूर्यास्त के बाद लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं और स्कूली बच्चों को भी अभिभावक स्वयं स्कूल छोड़ने और लेने जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रभागीय वनाधिकारी और लालढांग रेंज अधिकारी से गांव में तत्काल पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और मानव व पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
