कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक।

ऋषिकेश:- आगामी कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालु हमारे अतिथि हैं, अतः उनके प्रति सभी का व्यवहार मधुर, सहयोगात्मक एवं सम्मानजनक होना चाहिए साथ ही स्थानीय लोगों को भी असुविधा न हो इसका भी विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।

उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी गंदगी न फैले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जहां-जहां पानी के टैंकर लगाए गए हैं, वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भंडारा स्थलों पर पत्तल एवं दोने इधर-उधर न बिखरें, इसके लिए भंडारा आयोजकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनका सहयोग लिया जाए।

डॉ. अग्रवाल ने पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, मार्गों पर अचानक खराब हुई वाहनों को तत्काल हटाने हेतु क्रेन की व्यवस्था एवं आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुस्तैद रहने, अपने मोबाइल फोन चालू रखने तथा किसी भी कॉल पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने प्रत्येक विभाग से कांवड़ यात्रा को लेकर अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुमकुम जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत कोतवाली में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित कर दिया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में तहसीलदार प्रदीप नेगी, नगर आयुक्त नगर निगम विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, आरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटियार, आरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, कोतवाल रायवाला कमल लुंटी, एसएसआई ऋषिकेश नवीन जोशी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद, एसडीओ अरविन्द नेगी, जल संस्थान के एसडीओ अरुण विक्रम सिंह रावत एवं एलआईयू इंचार्ज विपिन गुसाईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. अग्रवाल ने अंत में कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!