35 ATM, 14 पासबुक और करोड़ों की संदिग्ध मनी ट्रेल! हरिद्वार में ‘मगध साइबर गैंग’ का खुलासा, 5 गिरफ्तार।

हरिद्वार:- हरिद्वार पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा और नवादा से जुड़े कथित ‘मगध साइबर गैंग’ का खुलासा किया है। श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध स्विफ्ट कार की चेकिंग के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 35 ATM और डेबिट कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और 37 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई है।

बरामद बैंकिंग दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की शुरुआती जांच में अलग-अलग खातों के जरिए दो करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध डिजिटल लेन-देन के सुराग मिलने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन में WhatsApp चैट, QR कोड, बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी मिली है।

प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम म्यूल खातों में मंगाने, UPI के जरिए आगे ट्रांसफर करने और ATM से नकदी निकालने का नेटवर्क सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नालंदा और नवादा के साथ हरिद्वार के रहने वाले युवक भी शामिल हैं।

पुलिस अब बैंक खातों की पूरी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संदिग्ध रकम और पूरे साइबर नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!