उत्तराखंड की दशा-दिशा पर होगा मंथन, स्कूली बच्चों की निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित।

मुनि की रेती, 12 अक्टूबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 8 नवंबर को प्रेस क्लब मुनि की रेती की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड की दशा और दिशा विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही स्कूली बच्चों की निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय बडोला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के विकास, संस्कृति और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।

बैठक में प्रेस क्लब की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए निष्क्रिय सदस्यों को हटाने का निर्णय भी लिया गया। वहीं, रेखा भंडारी को क्लब का नया सदस्य बनाने पर सहमति व्यक्त की गई।

इस अवसर पर क्लब के संरक्षक सूर्य चन्द्र सिंह चौहान, विधि सलाहकार राम बल्लभ भट्ट, सुदीप पंचभैया, भारत भूषण कुकरेती, नवीन चंद्रा, धनीराम बिजोला, विनोद बिजल्वाण और रामकृष्ण पोखरियाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!