साइक्लोथॉन के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश, दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने के लिए आमजन को किया जाएगा प्रशिक्षित।

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सर्जरी विभाग द्वारा सोमवार को विश्व ट्रॉमा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने ट्रॉमा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित साइक्लोथॉन के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के उपयोग और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि विश्व ट्रॉमा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आकस्मिक चोटों के कारण होने वाली मृत्यु और दिव्यांगता को कम करना है। इसके साथ ही समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने के लिए आमजन को प्रशिक्षित करना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. पुनीत धमीजा ने कहा कि ट्रॉमा के मामलों में समय पर चोट की पहचान, त्वरित उपचार और विभिन्न चिकित्सा इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय मरीज के उपचार के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है।

एम्स की ट्रॉमा टीम का लक्ष्य इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित करना है, ताकि दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण समय में घायल व्यक्ति को जीवनरक्षक सहायता मिल सके। सप्ताहभर चलने वाले इस आयोजन के तहत फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग, परिवहन विभागों के सहयोग से सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, रोड शो, एडवांस्ड ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट से संबंधित गतिविधियां, रक्तदान शिविर, वैस्कुलर सर्जरी कार्यशाला, रिसर्च मेथडोलॉजी प्रशिक्षण कार्यक्रम और पोस्टर प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर ट्रॉमा सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. कमर आजम ने कहा कि ट्रॉमा प्रबंधन एक बहुआयामी प्रक्रिया है। इसमें दुर्घटनास्थल पर शुरुआती सहायता से लेकर अस्पताल में उन्नत उपचार तक प्रत्येक चरण महत्वपूर्ण होता है। विश्व ट्रॉमा सप्ताह के माध्यम से इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन सचिव एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि सप्ताहभर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा तथा जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉ. भास्कर सरकार, डॉ. नीरज कुमार और डॉ. रूबी कटारिया के साथ अमृता मेडिकल कॉलेज के डॉ. एस.पी. सिंह, एम्स भुवनेश्वर के प्रो. डॉ. विश्वजीत साहू और एम्स नागपुर के डॉ. नीलेश सहित विभिन्न विशेषज्ञों का विशेष योगदान रहा।

इस दौरान ट्रॉमा विभाग के नर्सिंग ऑफिसर अखिलेश उनियाल, शशिकांत, डॉ. शांतम, मनोज कुमार, वनेपाल सिंह, पंकज ठाकुर, ताराचंद, दीपिका कांडपाल, अनामिका, मेघा भट्ट, सुशीला पन्नू, पूजा ठाकुर, मनीषा बिश्नोई, निशा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!