ढालवाला में प्रस्तावित 300 केएलडी एसटीपी को लेकर स्थानीय लोगों से संवाद के निर्देश, तपोवन के 38 होटलों को नोटिस जारी, नरेंद्रनगर एसटीपी का 90 प्रतिशत निर्माण पूरा।
टिहरी गढ़वाल:- जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मासिक जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित एवं निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सीवर नेटवर्क के विस्तार और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एसटीपी स्थापना और सीवर नेटवर्क विस्तार के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे वार्डवार सीवर लाइनों की स्थिति और उनसे जुड़े घरों (हाउस कनेक्शन) की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही विभिन्न डिवीजनों में होटलों को जारी नोटिस, पारित आदेशों और उन पर की गई कार्रवाई का ब्योरा भी जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद में सीवर लाइनों की वर्तमान स्थिति, सीवर नेटवर्क से भवनों को जोड़ने तथा शेष भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से संबंधित दो मामलों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण और अनुपालन की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मासिक रिपोर्ट के अनुसार, जनपद में संचालित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एनजीटी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि एनजीटी के आदेशों के क्रम में तपोवन क्षेत्र के 38 होटलों को एसटीपी प्लांट स्थापित नहीं किए जाने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, नरेंद्रनगर में निर्माणाधीन 2 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
ढालवाला, मुनि की रेती स्थित गंगा वाटिका के समीप प्रस्तावित 300 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों पर भी चर्चा की गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऊधमसिंह नगर में स्थापित 500 केएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट के संचालन और उसके सकारात्मक अनुभवों की जानकारी स्थानीय लोगों के साथ साझा की जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन को एसटीपी प्लांट की उपयोगिता, पर्यावरणीय लाभ और गंगा को प्रदूषण से बचाने में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों सहित जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी अरुण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
