पौड़ी में सेब और कीवी की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 90 किसानों को दिया गया आधुनिक बागवानी का प्रशिक्षण।
पौड़ी:- जनपद में सेब और कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से राजकीय प्रजनन उद्यान, खाण्ड्यूसैंण में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 26 और 27 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में 90 किसानों एवं विभागीय कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञ डॉ. जे.एस. चन्देल ने किसानों को सेब और कीवी के उन्नत उत्पादन, नए बगीचों की स्थापना, पौधों की देखभाल, वैज्ञानिक तरीके से कटाई-छंटाई और रोगों की रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भण्डारी ने बताया कि पौड़ी की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां सेब एवं कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। इन फसलों की व्यावसायिक खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से सेब मिशन के तहत 60 प्रतिशत और कीवी मिशन के तहत 70 प्रतिशत तक राजसहायता दी जा रही है। किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने की अपील की गई।
