ऋषिकेश में राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह।

ऋषिकेश:- गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में वार्षिक उत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांधा। डॉ. अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों की भावनाओं को समझते हुए इस मामले के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल कर रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने गुमानीवाला क्षेत्र में अनधिकृत विद्युत कनेक्शनों पर रोक लगाने के संबंध में अधिकारियों को पूर्व में चेताए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में नियमों का पालन और सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है तथा इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

डॉ. अग्रवाल ने नारी वंदन अधिनियम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, दर्जाधारी गगनदीप बेदी, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक मेहर, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र पांडे, संस्थापक डॉ. दर्शन उनियाल, प्रधानाचार्य योगेंद्र सेमवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावक, क्षेत्रवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!