पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ, आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और छात्रावास का लोकार्पण।

मथुरा:- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण की इस पावन भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा है।

राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के वार्षिकोत्सव में पहुंचे विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा। WWW.JANSWAR.COM

मुख्यमंत्री ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। आज आवश्यकता है कि प्राचीन भारतीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को एक-दूसरे का पूरक बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि इन प्रकल्पों से भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा दोनों क्षेत्रों को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि तक पहुंचती हैं।

उन्होंने हरिपुर-कालसी में मां यमुना के भव्य घाट और प्रतिमा की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस स्थान को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए टिहरी प्रशासन सख्त, 38 होटलों को नोटिस। WWW.JANSWAR.COM

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से संभव है। नदियों एवं गोवंश का संरक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देना हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी से योगदान देने का आह्वान किया तथा समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!