झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और जमा गाद का होगा आकलन, ड्रेजिंग की संभावनाओं का भी होगा तकनीकी मूल्यांकन।
देहरादून/नैनीताल:- उत्तराखण्ड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल नैनीताल जनपद की भीमताल झील के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत 20 से 23 नवंबर 2026 तक भीमताल झील का चार दिवसीय विस्तृत वैज्ञानिक बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के अनुसार, इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का सटीक आकलन करना है। इसके साथ ही भविष्य में झील के पुनर्जीवन और ड्रेजिंग (गाद निकासी) की संभावनाओं का तकनीकी मूल्यांकन भी किया जाएगा।
सर्वेक्षण का कार्य रुड़की की सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से आधुनिक उपकरणों की सहायता से संपन्न कराया गया। इस दौरान मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर उपकरण से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर DGPS उपकरण के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
इस वैज्ञानिक प्रक्रिया में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का उपयोग किया गया। उपकरणों में RTK/CORS करेक्शन के साथ जलस्तर, ट्रांसड्यूसर की माउंटिंग डेप्थ और आवश्यक डेप्थ करेक्शन की तकनीकी प्रक्रियाएं भी अपनाई गईं।
सर्वेक्षण के दौरान लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाउंड्री का भी सर्वेक्षण किया गया।
इस सर्वेक्षण के आधार पर भीमताल झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस और साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई और संभावित गाद निकासी की मात्रा का भी आकलन होगा।
सर्वेक्षण से प्राप्त तकनीकी आंकड़ों के आधार पर 3D डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर CAD क्रॉस-सेक्शन, झील की कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व तैयार किए जाएंगे।
इन वैज्ञानिक आंकड़ों से झील की मौजूदा जल संग्रहण क्षमता, अधिक तलछट जमा होने वाले क्षेत्रों और गाद निकासी की संभावनाओं को समझने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य में भीमताल झील के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन के लिए वैज्ञानिक आधार पर योजनाएं तैयार की जा सकेंगी।
