पकड़ा गया एक और फर्जी पत्रकार, अवैध वसूली कर रहे तथाकथित पत्रकार को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार।
देहरादून:- अवैध वसूली कर रहे तथाकथित पत्रकार को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त स्वयं को पत्रकार बताकर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर रहा था। झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर वह अब तक साढ़े 3 लाख रुपये से अधिक की वसूली कर चुका था।
देहरादून पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को राकेश कुमार पुत्र जयपाल सिंह निवासी ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर, ईस्ट हॉप टाउन, प्रेम नगर के द्वारा कोतवाली प्रेम नगर पर एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि उनका घर ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर में है तथा उनके घर से करीब 500 मीटर आगे उनके परिचित प्रकाश चंद की 250 गज जमीन है, जिसमें उनके द्वारा 6 दुकानें बनाई गई हैं।
उक्त भूमि पर दुकान निर्माण के कार्य के दौरान रजत सिंह नाम के व्यक्ति, जिसके द्वारा स्वयं को पत्रकार बताया गया था, के द्वारा उक्त दुकानों के गोल्डन फॉरेस्ट की जमीन पर बने होने की झूठी खबर को अपने चैनल में प्रसारित करने की धमकी दी गई तथा खबर प्रसारित न करने के एवज में उनसे पैसों की मांग की गई।
रजत सिंह के द्वारा अलग-अलग तारीखों में अब तक उनसे लगभग ढाई लाख रुपए नगद व 97,000/- रुपये यूपीआई के माध्यम से लिए जा चुके हैं तथा अपने दो अन्य साथियों के साथ, जिन्हें वो पत्रकार बता रहा है, के साथ मिलकर लगातार उन्हें फोन कर उनके साथ गाली-गलौच करते हुए उनसे 5 लाख रुपये की मांग तथा पैसा न देने पर अपने चैनल में उनकी झूठी खबरें प्रसारित करने व उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उक्त सभी व्यक्तियों के द्वारा अब तक उनसे लगभग साढ़े तीन लाख रुपए से अधिक की धनराशि ब्लैकमेलिंग के जरिए वसूल की जा चुकी है।
वादी द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर पर मु०अ०सं०-176/26 धारा- 3(3)/308(2)/351(2)/352/61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा अभियोग में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक साक्ष्य संकलन कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिस पर विवेचक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों के विरुद्ध अभिलेखीय व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को संकलित किया गया।
साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में नामजद मुख्य अभियुक्त रजत सिंह को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ हेतु थाने लाया गया। आवश्यक पूछताछ करते हुए अभियोग में उसके विरुद्ध प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
अभियोग में नामजद अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर ही अन्य नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अनावश्यक रूप से किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा।
नाम-पता गिरफ्तार अभियुक्त:- रजत सिंह पुत्र ओमप्रकाश, निवासी सहसपुर नियर ग्रामीण बैंक, थाना सहसपुर, उम्र- 28 वर्ष।
आपराधिक इतिहास:- मु०अ०सं०- 51/26, धारा 238/351(3)/61(2)/69 BNS, कोतवाली विकास नगर, देहरादून।
