ऋषिकेश में राजकीय पेंशनर संगठन की नवगठित कार्यकारिणी ने ली शपथ, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि।

ऋषिकेश :-सेवानिवृत्ति राजकीय पेंशनर संगठन उत्तराखंड, शाखा ऋषिकेश की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड, ऋषिकेश में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त राजकीय कर्मचारी अपने सेवाकाल के दौरान राष्ट्र और समाज की सेवा करते हैं तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहकर समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। संगठन द्वारा जरूरतमंद एवं निर्धन मेधावी छात्राओं की शिक्षा में सहयोग के लिए किया जा रहा प्रयास अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में संगठन की ओर से प्रतिवर्ष की भांति वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों की 44 निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को पठन-पाठन में सहयोग के उद्देश्य से शिक्षण सामग्री वितरित की गई। छात्राओं को ड्रेस, पानी की बोतल, जूते, मोजे, जर्सी, स्कूल बैग सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों की मदद करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने संगठन के सामाजिक एवं जनहित के कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ऋषिकेश नगर निगम के मेयर श्री शंभू पासवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री दीप शर्मा, नवगठित कार्यकारिणी के अध्यक्ष श्री एस.के. अग्रवाल, संरक्षक डॉ. आर.एस. पुरी, उपाध्यक्ष श्री आर.एस. गुप्ता, सचिव श्री यू.एस. मेहर, कोषाध्यक्ष श्री राजेंद्र शंखधर, संप्रेक्षक श्री सुखपाल सिंह सैनी, संयुक्त सचिव श्रीमती भारती पंत, सांस्कृतिक सचिव श्रीमती कलावती चटर्जी, प्रचार सचिव श्री हरिहर उनियाल सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!