खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण पर कांग्रेस का विरोध, यमकेश्वर थाने में सौंपा ज्ञापन।
यमकेश्वर, 1 सितंबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल के मंच का कुछ लोगों द्वारा हवन कर कथित रूप से शुद्धीकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। मामले में कांग्रेस नेताओं ने यमकेश्वर थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार अध्यक्ष विनोद डबराल और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी यमकेश्वर अध्यक्ष अनिल रतूड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना यमकेश्वर के थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। इस दौरान विनोद डबराल ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विचारधाराओं को लेकर मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के मंच को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धीकरण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी मानसिकता का पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के मूल्यों पर आधारित है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक विचारधारा को अपमानित करने वाले कृत्य सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा दे सकते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने तथा जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में महेंद्र देव बड़ोला, हरी प्रसाद केशवाल, आलोक बड़ोला, सहदेव उनियाल, बिपिन नेगी, चंद्रपाल सिंह, धनपाल सिंह, विजय सिंह, विशाल सिंह, कृष्णा सिंह, राजेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य का पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध करती रहेगी।
