खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को दी बधाई, कहा—“खेलेगा युवा तो आगे बढ़ेगा युवा”,प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ भविष्य सुरक्षित करने का मिलेगा अवसर।
देहरादून। प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। खेल नीति-2021 के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दिए जाने को लेकर शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी।
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खेल प्रेमियों और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “खेलेगा युवा तो आगे बढ़ेगा युवा” के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार लगातार खिलाड़ियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। आउट ऑफ टर्न नियुक्ति से प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा।
खेल मंत्री ने बताया कि नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में 34 स्वर्ण, 115 रजत और 94 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण, गृह, परिवहन, वन और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में समायोजित किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं उत्तराखंड का नाम रोशन करने के साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल मंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सभी खेल प्रेमियों और पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
