देहरादून:- बद्रीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में गायिका प्रियंका मेहर के कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उक्रांद पदाधिकारियों ने सरकार पर बद्रीनाथ धाम की धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए द्रोण चौक पर सरकार का पुतला दहन किया।
द्रोण चौक पर एकत्रित उक्रांद कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे और स्पीकर बजाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धामों की धार्मिक मर्यादाओं और परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार सनातन की मर्यादाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम से धाम की धार्मिक मर्यादाओं के साथ श्रद्धालुओं की आस्था भी प्रभावित हुई है।
केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला ने कहा कि बद्रीनाथ धाम विश्वभर के हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि धाम में तेज आवाज में डीजे और स्पीकर बजाया जाना धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
केंद्रीय महामंत्री देवचन्द्र उत्तराखंडी ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में पर्यावरणीय और पारिस्थितिक संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने कहा कि सरकार को ऐसे आयोजनों को लेकर उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और भविष्य में धामों एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से बचने का आश्वासन देना चाहिए।
मूल निवास-भू-कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के समय हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा और केदारनाथ में तेज आवाज में डीजे बजने को लेकर हुए पूर्व विरोध का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उक्रांद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों का विरोध जारी रखेगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता पान सिंह रावत, तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष संगीता सकलानी बहुगुणा, महानगर महामंत्री अजय सिंह, राकेश नेगी, देवेंद्र बहुगुणा, सुचेता उनियाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
