देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों तथा निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 5 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान भी किया। इस दौरान 9,93,886 पेंशनरों को ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की पेंशन जारी की गई। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को वरिष्ठजनों के कल्याण की शपथ दिलाई तथा परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठजनों का स्वागत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के सभी वृद्धजनों के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सानिध्य में परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। बच्चों को संस्कार और जीवन के आदर्श वरिष्ठजनों से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षा कवच होते हैं और उनके सानिध्य से घर में अनुशासन एवं सकारात्मक वातावरण बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेश के मुख्य सेवक होने के साथ-साथ प्रदेश के बेटे भी हैं। उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1,500 की पेंशन प्रदान कर रही है। पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 9 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को ₹147 करोड़ से अधिक की पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं। देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वरिष्ठजनों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सविता कपूर, दायित्वधारी श्री राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, सचिव श्री श्रीधर बाबू अद्यांकी, निदेशक श्री संजय कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण श्री संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक श्री जी.आर. नौटियाल, श्रीमती पूजा नेगी, श्रीमती हेमलता पाण्डेय, श्री गोरधन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
