सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर जताई नाराजगी, नालियों की सफाई और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने के दिए निर्देश।

ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को देहरादून रोड पर ₹135 करोड़ की लागत से चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य (पैकेज नंबर-6) का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री रखे जाने पर उन्होंने संबंधित परियोजना के अभियंता दीपक वत्स के प्रति नाराजगी जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर रखी अतिरिक्त निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए और कार्य की आवश्यकता के अनुसार ही सीमित मात्रा में सामग्री रखी जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

उन्होंने सीवर लाइन निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो रही पेयजल लाइनों को भी तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के कारण क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान सड़क के दोनों ओर बनी नालियों में गंदगी जमा होने और नालियों के खुले होने का मामला भी सामने आया। इस पर डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी से फोन पर वार्ता कर नालियों की सफाई कराने तथा खुली नालियों को स्लैब लगाकर ढकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।

डॉ. अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, पार्षद आशु डंग, जिला महामंत्री कौशल बिजल्वाण, पार्षद सोनू पांडेय, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, संजय ध्यानी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, रमेश अरोड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!