राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने खिलाड़ियों को आवास पर आमंत्रित कर किया सम्मानित, मेयर शंभू पासवान भी रहे मौजूद।

ऋषिकेश/देहरादून:- पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के छात्र-छात्राओं ने अंतर-महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर परिसर का नाम रोशन किया है। ओमकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (OMIIT), ऋषिकेश में 6 एवं 7 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में परिसर की महिला टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि पुरुष टीम उपविजेता रही।

इस उपलब्धि पर रविवार, 18 अक्टूबर को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

महिला टीम ने जीती चैंपियनशिप:- प्रतियोगिता के महिला वर्ग में विभिन्न महाविद्यालयों की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। पं. ललित मोहन शर्मा परिसर की छात्राओं ने अपनी एकाग्रता, सूझबूझ और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

वहीं, पुरुष वर्ग में आठ टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। परिसर की पुरुष टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित:- राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, दूरदर्शिता और सही समय पर उचित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी सकारात्मक संदेश देती है।

महापौर शंभू पासवान ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास करने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र नौडियाल, पूजा रावत, शशि कंडवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!