मसूरी और लैंडोर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं अक्षय कुमार, मुख्यमंत्री ने प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने पर दिया जोर।

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास पर प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंडोर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म शूटिंग के अनुकूल वातावरण के बीच प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा उत्तराखंड:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत हो रही है।

फिल्म नीति-2024 से मिल रहा प्रोत्साहन:- मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।

पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा लाभ:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म उद्योग के विस्तार और फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!