प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव।
देहरादून:- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही, स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में नई सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को कुशल चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्हें विश्वास है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी योग्यता, मेहनत और सेवाभाव से संस्थान के साथ उत्तराखण्ड का नाम भी रोशन करेंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उत्तराखण्ड सरकार भी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण किया जा रहा है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। ऊधमसिंह नगर जनपद के किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा पैरामेडिकल कार्मिकों की नियुक्तियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
युवाओं को विदेशों में मिल रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार प्राप्त हुआ है।
उन्होंने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर जर्मनी में रोजगार हासिल करने वाली उत्तराखण्ड की सपना राणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सपना राणा से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी एम्स, पीजीआई, रेलवे और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर, हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. गीता जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
