पौड़ी:-  नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिलखेत में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद एडवेंचर बकेट कंपनी ने पर्यटकों के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं। पहले दिन पायलट मयंक बिष्ट और तारा सिंह डंगवाल ने स्थानीय युवाओं के साथ सात उड़ानें भरीं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी ने बताया कि पर्यटन विभाग के निदेशालय से अनुमति मिलने के बाद बिलखेत में व्यावसायिक पैराग्लाइडिंग शुरू की गई है। इससे नयार घाटी में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और क्षेत्र को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पर्यटक टेंडम पैराग्लाइडिंग के लिए फोन के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। पैराग्लाइडिंग के लिए कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से टेकऑफ किया जा रहा है, जबकि बिलखेत में राजकीय इंटर कॉलेज के समीप मैदान में लैंडिंग की व्यवस्था की गई है।

एडवेंचर बकेट कंपनी के संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि कमर्शियल उड़ानें शुरू होने से पर्यटकों को नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य को आसमान से निहारने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही पर्यटन से जुड़ी स्थानीय गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

पैराग्लाइडिंग शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। यह पहल नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में सहायक हो सकती है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!