एडीएम एफआर चौहान ने तैयारियों की समीक्षा कर सुरक्षा, अग्निशमन और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश।

पौड़ी गढ़वाल:- आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) एवं कंट्रोल यूनिट (सीयू) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जांच से पहले की तैयारियों और विभिन्न विभागों की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रथम स्तरीय जांच के लिए भारत निर्वाचन आयोग के 10 इंजीनियरों के साथ 40 श्रमिक तैनात रहेंगे। जांच प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ईवीएम, वीवीपैट एवं कंट्रोल यूनिट की जांच निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी।

सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश:- अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को एफएलसी स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और अग्निशमन विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को जांच स्थल पर स्वास्थ्य टीम तैनात करने तथा विद्युत, भवन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद:- बैठक में पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी, ग्रामीण निर्माण विभाग के एलपी भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा और नगर पालिका पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!