देहरादून:-  त्योहारी सीजन में सुगम यातायात व्यवस्था, बाजारों में भीड़ प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पलटन बाजार सहित शहर के प्रमुख एवं व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, अतिक्रमण पर नियंत्रण और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों से अपील की गई कि लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद ही करें, ताकि बाजार में भीड़ के दौरान यातायात का दबाव कम रहे और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

अपर जिलाधिकारी ने पलटन बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली और अन्य अवरोधों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी नियमित निगरानी रखेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से त्योहारी सीजन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और बाजारों में पैदल आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को अवरोधमुक्त बनाए रखें।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात, पैदल आवागमन तथा जनसुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड उत्तराखंड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन तथा उपाध्यक्ष हरीश विरमानी सहित पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!