इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में अतुलनीय योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद 500 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर उन्होंने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्न को साकार कर रहे प्रधानमंत्री
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2014 से केंद्र सरकार द्वारा सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। यह दिवस देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की स्मृति में गुजरात के केवड़िया में नर्मदा नदी के तट पर विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है। 182 मीटर ऊंची यह प्रतिमा उनके विराट व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा, राहुल कश्यप, प्रियांशु कुमाई, मनोरमा देवी, पूनम पंवार, शशि देवी, अखिल गुलियाल, आयुष गुलियाल, अमनदीप राणा, रजनी बेलवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
