श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पार्किंग, यातायात, स्वास्थ्य एवं पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

पौड़ी:- जनपद पौड़ी गढ़वाल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बूंखाल मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बूंखाल मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को चेकपोस्ट एवं बैरियर निर्माण का कार्य समय पर पूरा करने तथा पैठाणी से चौरीखाल तक सड़क पर पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य द्वार से मंदिर तक मार्ग चौड़ा करने और तीव्र मोड़ों को दुरुस्त करने को भी कहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेला स्थल के आसपास पर्याप्त अस्थायी पार्किंग विकसित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा के लिए पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, लाउडस्पीकर लगाने और यातायात संचालन की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप स्थापित करने तथा आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता, झाड़ी कटान, शौचालय एवं कूड़ेदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गई। पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने, हाईमास्ट लाइट लगाने, पुरानी लाइटों की मरम्मत, ठंड से बचाव के लिए अलाव तथा अग्निशमन और बायो टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

राहु मंदिर के निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा:- बैठक में पैठाणी स्थित राहु मंदिर के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मेले की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी करें। उन्होंने बताया कि तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की टीम मेला स्थल का निरीक्षण करेगी। साथ ही स्थानीय लोगों एवं संबंधित हितधारकों के सुझाव लेने के लिए स्थानीय स्तर पर बैठक भी आयोजित की जाएगी।

मेला समिति के सचिव कमल रावत ने कहा कि बूंखाल मेला ग्रामीण क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे मेले स्थानीय परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, सीओ अस्मिता ममगाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!