मुनि की रेती में आयोजित सम्मान समारोह में पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर जताया आभार, रामलीला के सफल मंचन में मीडिया के योगदान को सराहा।

मुनि की रेती:- माँ गंगा रामलीला समिति, 14 बीघा की ओर से 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित रामलीला मंचन की बेहतर और व्यापक मीडिया कवरेज करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। समिति ने पत्रकारों की निष्पक्ष, निर्भीक एवं ईमानदार पत्रकारिता की सराहना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

प्रेस क्लब मुनि की रेती के कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समिति के अध्यक्ष संदीप परमार, महासचिव अनिल बडोनी, सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी मनोज मलासी तथा कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल उपस्थित रहे।

इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि रामलीला मंचन के द्वितीय दिवस पर ही समिति की ओर से पत्रकारों का सम्मान किया जा चुका था। ऐसे में दोबारा सम्मान समारोह आयोजित करने की आवश्यकता को लेकर भी चर्चा हुई। इस पर समिति के अध्यक्ष संदीप परमार, महासचिव अनिल बडोनी एवं सलाहकार मनोज मलासी ने कहा कि समिति लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद रामलीला के आयोजन और उसकी विशेषताओं को जिस व्यापक स्तर पर आमजन तक नहीं पहुंचा पाई, उसे मीडिया के साथियों ने अपनी सशक्त लेखनी, न्यूज पोर्टल और अन्य माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने न केवल रामलीला के मंचन की बेहतर कवरेज की, बल्कि अपने महत्वपूर्ण सुझावों के माध्यम से समिति को आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित भी किया। इसी योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से पत्रकारों को पुनः सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

समिति अध्यक्ष संदीप परमार ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग एवं रचनात्मक सुझाव देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब मुनि की रेती के अध्यक्ष संजय बडोला ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्य और सही तथ्यों को निर्भीकता एवं निष्पक्षता के साथ जनता के सामने प्रस्तुत करना है। रामलीला का मंचन मर्यादित आचरण, व्यवहार और सामाजिक शुचिता का प्रतीक होने के साथ समाज का वास्तविक दर्पण भी है। इसे जन-जन तक पहुंचाना मीडिया का महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसे पत्रकार साथियों ने बखूबी निभाया है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार कभी सम्मान की अपेक्षा से अपना कार्य नहीं करता, लेकिन उसकी मेहनत और समर्पण को पहचान मिलना आवश्यक है। पत्रकारों ने भारी बारिश और ठंड की परवाह किए बिना लगातार कवरेज कर अपने दायित्वों का निर्वहन किया। जब समाज और आयोजक पत्रकारों की मेहनत को समझते हुए उनका सम्मान करते हैं, तो इससे पत्रकारों का उत्साह और कार्य करने की ऊर्जा बढ़ती है।

संजय बडोला ने माँ गंगा रामलीला समिति को सफल आयोजन की बधाई देते हुए रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के अहंकार रूपी पुतलों के दहन और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के सफल आयोजन की भी सराहना की। उन्होंने भविष्य में समिति को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

सम्मान समारोह में प्रेस क्लब मुनि की रेती के अध्यक्ष संजय बडोला, महासचिव आशीष लखेड़ा, उपाध्यक्ष भारत भूषण कुकरेती, उपाध्यक्ष सुदीप पंचभैय्या, नवीन चंद्रा, अरुणाभ रतूड़ी, आशीष कुकरेती, रेखा भंडारी एवं संरक्षक सूर्य चन्द्र सिंह सहित अन्य पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के माध्यम से माँ गंगा रामलीला समिति ने मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में सकारात्मक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!