जन समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्राम पंचायत की संपत्तियों, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित सोलर पैनलों से उत्पादित बिजली की यूनिटों के समायोजन से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
ग्राम पंचायत रामपुरकलां के ग्रामीणों ने पीठ/हाट बाजार की नीलामी अवधि समाप्त होने के बावजूद प्रत्येक शुक्रवार को बाजार में कथित अवैध वसूली किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने शीघ्र नीलामी कराने तथा नई नीलामी होने तक वसूली पर रोक लगाने की मांग की। इस पर खंड विकास अधिकारी सहसपुर को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं, संजय कॉलोनी, मोहिनी रोड निवासी मदनमोहन नेगी ने अपने आवास पर स्थापित 3 किलोवाट के सोलर पैनल से विद्युत ग्रिड में भेजी गई बिजली का बिल में समुचित समायोजन नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुल 7165 यूनिट में से अधिकांश यूनिटों का समायोजन अभी तक नहीं हुआ है। इस पर विद्युत विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम शेरपुर निवासी खीमा देवी ने अपनी निजी भूमि पर बिना सहमति विद्युत विभाग द्वारा तीन पोल लगाए जाने का मामला उठाया। उन्होंने पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की। इस पर विभागीय अधिकारियों को अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में परवल, होपटाउन निवासी अमित कुमार सेठी ने अपने नाम दर्ज आवासीय भूखंड पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। वहीं, रामपुरकलां निवासी संतोष पंडित ने भूमि खरीदने के बावजूद कब्जा नहीं मिलने और विक्रेता द्वारा कथित रूप से फर्जी भूमि विक्रय किए जाने का मामला उठाया। उन्होंने भूमि अभिलेखों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत रामपुरकलां निवासी शम्भू चोपड़ा ने गांव की प्राचीन खेड़ा एवं मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर सार्वजनिक एवं धार्मिक महत्व की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। इस पर उप जिलाधिकारी विकासनगर को भूमि अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त मालदेवता स्थित पीपीसीएल में 9 सितंबर 2026 को हुई घटना में स्व. संदेश थापा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में उनके पिता हरक बहादुर निवासी ग्राम चिसोपानी, मोहम्मदपुर बड़कली, ग्रामसभा दुधली, विकासखंड डोईवाला ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पुलिस क्षेत्राधिकारी रायपुर को आवश्यक कार्रवाई करने, संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कराने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों की जांच कर शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा संयुक्त जांच वाले मामलों में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को निस्तारण के बाद कार्रवाई की आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवाँठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित एमडीडीए, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
