कोटद्वार/मुनिकीरेती:- मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजलवान और ऋषिकेश के प्रख्यात शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड गौरव रत्न पुरस्कार 2024-25’ से सम्मानित किया गया। कोटद्वार में आयोजित समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने दोनों को सम्मान प्रदान किया। नगर क्षेत्र में विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए नीलम बिजलवान को यह सम्मान दिया गया। वहीं, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के शिक्षक डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. थपलियाल ने कोरोना महामारी के कठिन दौर में ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था के फेसबुक पेज और डिजिटल माध्यमों के जरिए देश-विदेश के साहित्यकारों, विद्वानों एवं आम लोगों को एक मंच पर जोड़कर साहित्यिक और सांस्कृतिक संवाद की अनूठी पहल की थी। शिक्षण कार्य के साथ वे साहित्य सृजन, मंच संचालन और उद्घोषणा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्हें राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान एवं राष्ट्रीय गौरव सम्मान सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
‘उत्तराखंड डिस्कवर 24 चैनल’ की ओर से प्रदान किए जाने वाले इस पुरस्कार का उद्देश्य प्रदेश में राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना है।
दोनों को मिले इस सम्मान से मुनिकीरेती और ऋषिकेश क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। न्यूज़ देखो इंडिया परिवार ने भी दोनों विभूतियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
