दीपावली पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, स्वच्छ एवं सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील।
मुनिकीरेती:- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए दीपोत्सव को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने का संदेश दिया।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व समाज में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे त्योहार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाएं तथा जरूरतमंद लोगों की खुशियों में भी सहभागी बनें।
पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ दीपावली मनाने की अपील की।
अंत में उन्होंने मां लक्ष्मी से प्रार्थना की कि प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र विकास, शांति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए।
