बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लाभार्थियों, उनके स्वरोजगार कार्यों की प्रगति और लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह तक सभी पात्र महिलाओं को योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
नंदा गौरा योजना के लिए 30 नवंबर तक करें आवेदन:- मंत्री ने नंदा गौरा योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश की सभी पात्र बालिकाओं से अपील की कि वे 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना:- बैठक में मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाएगा, जिससे प्रदेश के बच्चों के कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए नई पहल शुरू हो सकेगी।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला, बेटी और बच्चे तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के अवसर मिलें।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक बिक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
