25 नवंबर को होगा मॉप-अप डे, 932 स्कूलों और 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में चलेगा अभियान।

रुद्रप्रयाग:- जनपद में बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए आगामी 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 56,364 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद के 932 स्कूलों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।

उन्होंने शिक्षा विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग तथा निजी विद्यालयों के प्रबंधकों और संचालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए।

सीएमओ ने बताया कि 18 नवंबर को किसी कारणवश दवा खाने से छूटने वाले बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे।

कृमि संक्रमण से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है असर:- डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि कृमि बच्चों के शरीर के महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को नष्ट करते हैं। इससे बच्चों में खून की कमी, कुपोषण और शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और कार्यक्षमता पर भी पड़ता है।

उन्होंने बताया कि कृमिनाशक दवा के सेवन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार होता है और एनीमिया की रोकथाम में भी मदद मिलती है।

उम्र के अनुसार दी जाएगी दवा की खुराक:- स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों को उनकी आयु के आधार पर एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।

  • 1 से 2 वर्ष: आधी गोली को दो चम्मच के बीच रखकर अच्छी तरह चूरा करके खिलाया जाएगा।

  • 2 से 3 वर्ष: एक पूरी गोली को चूरा करके खिलाया जाएगा।

  • 3 से 19 वर्ष: एक पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह के साथ दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि जनपद के सभी लक्षित बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!