देहरादून:- प्रदेश में युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य के विभिन्न जनपदों में लंबे समय से असंचालित 12 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित किया जाएगा।
शासन के निर्णय के अनुसार जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विकासखंड के अंतर्गत थल और मूनाकोट विकासखंड के अंतर्गत बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल एवं पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल एवं घाट, चम्पावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट तथा ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, नैनीताल को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने ITI के संचालन एवं बंद किए जाने के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों और तथ्यों का परीक्षण करने के बाद चयनित 12 संस्थानों को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी करने को कहा है।
सचिव ने कहा कि इन संस्थानों के दोबारा संचालन से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को अपने आसपास ही व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
शासन के इस निर्णय को प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
