शनिवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा, अगले छह माह तक ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन।
ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग):- भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं की जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शुरू होगी।
शुक्रवार को उत्सव डोली के मंदिर परिसर पहुंचने पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर की परंपराओं के अनुसार पंचमुखी डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान कराया गया। इस पावन अवसर पर केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बाबा केदार के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
केदारनाथ धाम की यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला और केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज, विभिन्न विभागों तथा मंदिर समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सभी के सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष भी केदारनाथ यात्रा सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुई।
शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू हो जाएगी। आगामी छह माह तक भगवान केदारनाथ की आराधना शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ से संपन्न होगी। इससे केदारघाटी में धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शीतकाल में भी बाबा केदार के दर्शन का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, डॉ. केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, खुशहाल नेगी, मंदिर समिति के सदस्य, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
