तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में बोले सीएम, 30 प्रवासियों ने अपने पैतृक गांवों को लिया गोद, विकास में योगदान देने का किया आह्वान।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास में मिलना चाहिए। सरकार और प्रवासी समाज के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने के बावजूद उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है।

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अपनी मातृभूमि के प्रति लगाव और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को जल्द ही प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि किए जाने की बात कही।

लोक भवन में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ आयोजित हुआ ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम। WWW.JANSWAR.COM

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का प्रमुख माध्यम बताते हुए कहा कि प्रदेश में एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को विपणन के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सहित आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने से पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर होंगी।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का समग्र और संतुलित विकास तभी संभव है, जब सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी हो।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड के विकास कार्यों का उल्लेख किया।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रवासियों से निरंतर संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!