30 नवंबर तक चलेगा अभियान, डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जमा करने में आ रही दिक्कतों का होगा समाधान।

देहरादून। साइबर कोषागार, देहरादून से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र (डीएलसी) और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जमा करने का प्रशिक्षण देने के साथ ही तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

मुख्य कोषाधिकारी, साइबर कोषागार देहरादून बी.एन. पाण्डेय ने बताया कि जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जमा करने में तकनीकी परेशानी हो रही है या पेंशन से संबंधित अन्य समस्याएं हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पेंशनरों को अपने साथ जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन लाना होगा। इसके बाद साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान के तहत शिकायतों के निस्तारण और पेंशनरों को मार्गदर्शन देने के लिए उपकोषाधिकारी परमीत सिंह को शिकायत निवारण अधिकारी नामित किया गया है। पेंशनर मोबाइल नंबर 7500370037 एवं 7500900090 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय में उपस्थित होकर भी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य कोषाधिकारी ने सभी संबंधित पेंशनरों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और निर्धारित अवधि के भीतर डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र एवं पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए साइबर कोषागार से संपर्क करें।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!